नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि सीबीआई-ईडी की तरह गुजरात पुलिस ने आम आदमी पार्टी को क्लीन चिट दी है। गैरकानूनी तरीके से अहमदाबाद के "आप" कार्यालय में की गई रेड में भी कुछ नहीं मिला। आम आदमी पार्टी के ऑफिस में बिल्कुल गैर-कानूनी तरीके से रेड की गई। पुलिस अधिकारियों के पास सर्च वॉरंट भी नहीं था। इस दो घंटे की रेड के दौरान पुलिस अधिकारी पूछते रहे कि पैसा कहां रखते हो? उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यालयों पर रोज-रोज रेड का कारण "आप" का गुजरात में बहुत तेजी से बढ़ता ग्राफ है। भाजपा को आम आदमी पार्टी गुजरात में सीधी टक्कर दे रही है। भाजपा को गुजरात में 27 साल से किसी ने टक्कर नहीं दी है। गुजरात के सीएम सामने आकर बताएं कि क्या कल आम आदमी पार्टी के अहमदाबाद कार्यालय पर रेड नहीं हुई। इसके बाद हम सबूत पेश करेंगे। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी ने पार्टी मुख्यालय में आज महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित किया। विधायक आतिशी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुजरात में होने वाले चुनाव का प्रचार करने के लिए अहमदाबाद पहुंचे। अरविंद केजरीवाल जी अहमदाबाद पहुंचे, उसी समय गुजरात पुलिस ने आम आदमी पार्टी के अहमदाबाद कार्यालय में छापा मारा। दो घंटे तक कार्यालय के अंदर-बाहर तलाशी ली और सारी फाइलें चेक की गईं। आम आदमी पार्टी के कार्यालय में कार्यकर्ताओं से बार-बार पुलिस अधिकारी पूछते रहे कि कार्यालय में पैसा कहां रखते हो? उन्होंने कहा कि यह रेड बिल्कुल गैर-कानूनी थी, क्योंकि इन अधिकारियों के पास सर्च वॉरंट, कोर्ट के आदेश, लिखित निर्देश में से कुछ भी नहीं था। इसके बावजूद 2 घंटे तक आम आदमी पार्टी के कार्यालय में रेड चली। इसके बाद भी गुजरात की पुलिस को कुछ नहीं मिला। इसमें कोई नई बात नहीं है। भारतीय जनता पार्टी और उनकी केंद्र सरकार आम आदमी पार्टी के नेताओं, कार्यालयों, मंत्रियों, विधायकों पर रेड कर चुकी है। विधायक आतिशी ने कहा कि अभी कुछ ही दिनों पहले उन्होंने मनीष सिसोदिया जी के घर पर 14 घंटे की रेड की। इसके बावजूद भी कैश, सोना, बेनामी संपत्ति के कागज सहित कुछ भी नहीं मिला। उन्होंने मनीष सिसोदिया जी के लॉकर पर भी रेड कर दी। वहां पर भी उन्हें कुछ नहीं मिला। उसी तरह आम आदमी पार्टी के अहमदाबाद कार्यालय में भी उन्हें कुछ भी नहीं मिला। लेकिन गुजरात पुलिस जाते-जाते धमकी देकर गई कि हम वापस आएंगे। ज्यादा पुलिस के साथ वापस आएंगे। हम तुम्हें यहां पर काम नहीं करने देंगे। आखिरकार ये रोज-रोज धमकियां, रेड, नए केस क्यों हो रहे हैं? इसका कारण आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल जी की गुजरात में बढ़ती हुई लोकप्रियता है। भारतीय जनता पार्टी के खुद के सर्वे ये बता रहे है कि आम आदमी पार्टी का ग्राफ गुजरात में बहुत तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज गुजरात में आम आदमी पार्टी दूसरे नंबर की पार्टी हो गई है। कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया है। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल, भाजपा को गुजरात में सीधी टक्कर दे रहे हैं। भाजपा को गुजरात में 27 साल से किसी ने टक्कर नहीं दी है। ये इसी का डर है कि मनीष सिसोदिया जी के घर और लॉकर पर रेड होती है। इसी वजह से दिल्ली के एलजी रोज नए नए फर्जी मुकदमें फाइल करते हैं। इसी वजह से अहमदाबाद में आम आदमी पार्टी के कार्यालय में 2 घंटे का गैर-कानूनी छापा गुजरात पुलिस मार रही है। अहमदाबाद पुलिस सुबह ट्वीट कर कहती है कि कोई भी रेड आम आदमी पार्टी के कार्यालय में नहीं हुई है। विधायक आतिशी ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री को चैलेंज करती हूं कि वो सामने आकर बताएं कि क्या कल शाम को रेड आम आदमी पार्टी के अहमदाबाद कार्यालय पर रेड नहीं हुई थी? गुजरात के मुख्यमंत्री सामने आएं और बताएं कि क्या कल शाम को गुजरात पुलिस के कई अफसर आम आदमी पार्टी के कार्यालय नहीं गए थे? मुख्यमंत्री अहमदाबाद पुलिस के ट्विटर हैंडल के पीछे न छुपें। अगर गुजरात के मुख्यमंत्री इस रेड के बारे में सामने आकर बोलते हैं तो हम भी सामने आकर एक-एक सबूत सामने रखेंगे कि कितने पुलिस अफसर, किस थाने से कितने बजे कार्यालय आए और कितने बजे गए?