नई दिल्ली/हिमाचल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज हिमाचल प्रदेश में ‘‘आप’’ पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि महंगाई से राहत देने का फार्मूला केवल आम आदमी पार्टी को आता है। हिमाचल में ‘‘आप’’ की सरकार बनाओ, हम दिल्ली की तरह हिमाचल में भी महंगाई से राहत दिलाएंगे। दिल्ली में हमने सबका इलाज, बिजली-पानी और शिक्षा मुफ्त कर दिया है। हम मुफ्त में तीर्थ यात्रा व योग भी करा रहे हैं। दिल्ली में महंगाई तो है, लेकिन हमारी सरकार की तरफ से दी जा रही सुविधाओं की वजह से लोगों को महंगाई से थोड़ी राहत मिली है। आज लोग महंगाई से बहुत दुखी हैं, फिर भी इन्होंने दही, लस्सी, छाछ समेत खाने-पीने की चीजों पर जीएसटी लगा दी। ऐसे तो अंग्रेज किया करते थे। दिल्ली में हमने भ्रष्टाचार खत्म कर और फिजूलखर्ची बंद कर पैसे बचाए और जनता को इतनी राहत दी है।अगर केंद्र सरकार, दिल्ली की तरह भ्रष्टाचार और फिजूलखर्ची खत्म कर दे, तो देश में जीएसटी बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि जीएसटी कम करनी पड़ेगी। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवान ने हमें सबकुछ दिया है। पिछले 75 साल में भारत को नंबर वन देश होना चाहिए था, पर हम पीछे क्यों रह गए? अगर इन्हीं पार्टियों और इन्हीं नेताओं के भरोसे देश को छोड़ दिया तो, ये देश को और पीछे कर देंगे। दिल्ली में ‘‘आप’’ की सरकार ने केवल पांच साल में वो काम करके दिखाया है, जो 75 साल में ये सारी पार्टियां मिलकर नहीं कर पाई। इसलिए लोग आम आदमी पार्टी की तरफ देख रहे हैं।
बहुत कम समय में बहुत बड़े स्तर पर पदाधिकारियों के बनने का मतलब है कि हिमाचल के आम लोगों में आम आदमी पार्टी के प्रति बहुत ज्यादा प्यार और विश्वास है- अरविंद केजरीवाल
हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी के 9193 पदाधिकारियों ने आज शपथ ग्रहण किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने शपथ ग्रहण समारोह को वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शपथ ग्रहण करने वाले सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि इतने कम समय में इतने बड़े स्तर पर पदाधिकारी बन गए, इसका मतलब है कि हिमाचल प्रदेश के आम लोगों के बीच में आम आदमी पार्टी को लेकर बहुत ज्यादा प्यार और विश्वास है। साथ ही बहुत बड़े स्तर पर लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ते जा रहे हैं। आज हम सभी पदाधिकारी शपथ लेंगे कि हम हिमाचल प्रदेश की तन-मन-धन से सेवा करेंगे। आज हम सभी शपथ लेंगे कि अपने देश की निःस्वार्थ भाव से सेवा करेंगे। हम अपने देश के लिए अगर जान भी देनी पड़े, तो जान भी देंगे। आम आदमी पार्टी के आइडियोलॉजी के तीन स्तम्भ हैं। पहला, कट्टर ईमानदारी। हमारी पार्टी कट्टर ईमानदार पार्टी है। दूसरी पार्टियों की तरह नहीं है। हमारे यहां अपना भी कोई भ्रष्टाचार करे, तो हम उसे नहीं छोड़ते हैं। दिल्ली में मेरे एक मंत्री ने भ्रष्टाचार करने की कोशिश की। उसकी एक ऑडियो आई थी। मैंने उस मंत्री को सीबीआई के हवाले कर दिया। अभी थोड़े दिन पहले पंजाब के अंदर हमारे एक मंत्री ने भ्रष्टाचार करने की कोशिश की और ‘आप’ की सरकार ने उसको जेल भेज दिया। हमारे यहां भ्रष्टाचार को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाता है। हमारी पार्टी की विचारधारा का सबसे पहला स्तम्भ कट्टर ईमानदारी है। हमारी दूसरी विचारधारा कट्टर देशभक्ति है। हम देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर देंगे। तीसरी विधारधारा इंसानियत है। हमें सबकी सेवा करनी है। एक इंसान की दूसरे इंसान की सेवा करनी है। चाहे वो अमीर हो या गरीब हो या फिर वो किसी धर्म-जाति का हो। चाहे वो भाजपा का हो, चाहे वो कांग्रेस का हो, हमें यह नहीं देखना है। हमें सबकी सेवा करनी है।
भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने के लिए हम तन-मन-धन सब कुछ लगा देंगे, अब भारत रूकेगा नहीं- अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश को आजाद हुए 75 साल हो गए। इन 75 सालों में कई देश हमसे आगे बढ़ गए। हमारा देश इतना खूबसूरत है। भगवान ने हमें सबकुछ दिया है। भारत के लोग भी बहुत बुद्धिमान हैं। 75 साल में तो भारत को नंबर वन देश होना चाहिए था, पर हम पीछे क्यों रह गए। अगर इन्हीं पार्टियों और इन्हीं नेताओं के भरोसे देश को छोड़ दिया तो और 75 साल में ये देश को और पीछे कर देंगे। इसलिए अब आपको बागडोर अपने हाथ में लेनी है। आम आदमी पार्टी की ओर लोग क्यों देख रहे हैं? क्योंकि केवल पांच साल के अंदर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में वो काम करके दिखाया है, जो 75 साल में ये सारी पार्टियां मिल कर नहीं कर पाई। इसलिए हमें आज शपथ लेनी है कि देश को दुनिया का नंबर वन देश बनाने के लिए हम तन-मन-धन सबकुछ लगा देंगे। अब भारत रूकेगा नहीं। हमें भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाना है।
हमने दिल्ली के सरकारी स्कूल इतने शानदार कर दिए कि लोगों को अब अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में भेजने की जरूरत नहीं
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पदाधिकारियों से कहा कि आप अपने-अपने गांव में घर-घर जाओगे और लोगों से बात करोगे। आज लोग महंगाई से बहुत ज्यादा दुखी हैं। सब चीजें बहुत महंगी होती जा रही हैं। थोड़े दिन पहले इन्होंने दही, लस्सी, छाछ पर जीएसटी लगा दी। इन्होंने गेंहू, चावल समेत खाने-पीने की चीजों पर जीएसटी लगा दिया। ऐसे तो अंग्रेज किया करते थे। इतनी चीजें महंगी होती जा रही है, फिर भी ये टैक्स पर टैक्स लगाते जा रहे हैं। दिल्ली के अंदर हमने लोगों को महंगाई से थोड़ी राहत दिलाने की कोशिश की है। आज दिल्ली में लोगों को अपने बच्चों की पढ़ाई पर पैसे खर्च नहीं करने पड़ते हैं। अगर एक बच्चे को अच्छी पढ़ाई करानी हो, तो तीन से पांच हजार रुपए महीना खर्चा आ जाता है। हमने दिल्ली के सरकारी स्कूल इतने शानदार कर दिए कि लोगों को अब अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में भेजने की जरूरत नहीं है। अगर किसी के परिवार में तीन बच्चे हैं तो 12 हजार से 15 हजार तक उनके फीस के ही बच गए।
दिल्ली में हमने सबका इलाज, बिजली और पानी मुफ्त कर दिया है और अब हम मुफ्त में तीर्थ यात्रा व योग भी करा रहे हैं - अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली के सारे लोगों का इलाज मुफ्त कर दिया है। सारी दवाइयां, सारे टेस्ट सबकुछ मुफ्त कर दिया है। इससे लोगों के खूब पैसे बचने लग गए हैं। दिल्ली में बिजली और पानी फ्री कर दिया है। हम लोगों को मुफ्त में तीर्थ यात्रा पर लेकर जाते हैं और लोगों को मुफ्त में योग करा रहे हैं। अगर दिल्ली के अंदर किसी का एक्सिडेंट हो जाए, तो उसका पूरा इलाज मुफ्त होता है। हम इतनी सारी चीजें दिल्ली के लोगों को दे रहे हैं। दिल्ली में महंगाई तो है, लेकिन हमारी सरकार की तरफ से दी जा रही इन सभी सुविधाओं की वजह से लोगों को महंगाई से थोड़ी राहत मिली है। हमने दिल्ली में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। इससे खूब पैसा बचने लगा। सरकार में बहुत फिजूलखर्ची होती है। दस रुपए की चीज 100 रुपए में करते हैं। हमने सारी फिजूलखर्ची बचाई। उससे पैसे बचे। हमने कोई टैक्स नहीं बढ़ाया, बल्कि टैक्स कम कर दिए और फिर भी जनता को इतनी राहत दी है। यह पूरे देश में हो सकता है। मैं केंद्र सरकार से भी अपील करता हूं कि अभी जो जीएसडी बढ़ाया गया है, इसको वापस लिया जाए। केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि अगर आप दिल्ली की तरह भ्रष्टाचार खत्म कर दो और फिजूलखर्ची खत्म कर दो, तो मैं आपको यकीन दिला रहा हूं कि देश में जीएसटी बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आपको जीएसटी कम करनी पड़ेगी, टैक्स कम करने पड़ेंगे।
सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कहें कि आपके बच्चों को नौकरी देना हमें आता है, किसी और पार्टी को नहीं आता है, हम आपको बेरोजगारी और महंगाई से छुटकारा दिलाएंगे- अरविंद केजरीवाल
‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप जब घर-घर जाओ, तो लोगों को बोलना कि दिल्ली के लोगों को महंगाई से राहत दी है। महंगाई से राहत देने का फार्मूला केवल आम आदमी पार्टी को आता है। हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाओ, आपको दिल्ली वालों की तरह हिमाचल प्रदेश में भी हम महंगाई से राहत दिलाएंगे। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि आप लोग घर-घर जाकर बताना कि बाकी पार्टियों ने आपको क्या दिया? भाजपा और कांग्रेस वालों को भी बोलना कि तुम्हारी पार्टियों ने क्या दिया? बोलना कि हमें एक मौका देकर देखो, हम तुम्हें महंगाई से राहत दिलाएंगे। आज बेरोजगारी बहुत हो गई है। हमारे बच्चे पढ़कर बेरोजगार घूम रहे हैं। दिल्ली के अंदर पिछले पांच सात साल में मैंने 12 लाख बच्चों को रोजगार का इंतजाम किया है और मैंने ठाना है कि अगले पांच साल में 20 लाख बच्चों को रोजगार देना है। उसका पूरा खाका तैयार करना है। आपके बच्चों को नौकरी देना हमें आता है और किसी पार्टी को नहीं आता है। हमारे पास फार्मूला है, हम आपके बच्चों को रोजगार देंगे और आपको महंगाई से छुटकारा दिलाएंगे। आप जब घर-घर जाना तो लोगों को यह बताना कि हम लोगों के लिए काम करते हैं। हम आपको बेरोजगारी और महंगाई से छुटकारा दिलाएंगे। हमें सकारात्मक राजनीति करनी है, हमें जनता की राजनीति करनी है। गाली-गलौंच नहीं करना है। आप सबको कहना कि अगर आपको गंदी राजनीति चाहिए तो उनको वोट दे दो, अगर आपको दंगे, भ्रष्टाचार और गाली-गलौंच चाहिए, तो उनको वोट दे दो। लेकिन अगर आपको अपने बच्चों के लिए स्कूल चाहिए, महंगाई से छुटकारा चाहिए, अस्पताल चाहिए, रोजगार चाहिए, सड़कें चाहिए, तो आम आदमी पार्टी को वोट दे दो।