देहरादून। डोईवाला में हुई किसान महापंचायत में ‘आप’ प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर भी कार्यकर्ताओं के साथ किसानों को अपना समर्थन देने पहुंचे। इस महांपचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैट भी मौजूद रहे। इस दौरान नरेश टिकैत ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ तब तक आंदोलन जारी रहेगा, जब तक ये तीनों काले कानून केन्द्र सरकार वापस नहीं ले लेती। किसानों के सब्र का इम्तिहान नहीं लेना चाहिए। यदि किसानों को छेड़ा तो देशभर में उबाल आ जाएगा। केशवपुरी बस्ती स्थित मेला मैदान में हुई किसान पंचायत में देहरादून के डोईवाला, विकासनगर क्षेत्र के साथ ही हरिद्वार, हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से भी इस महापंचायत में किसान पहुंचे थे। नरेश टिकैत ने कहा कि किसानों के आंदोलन को तोड़ने की साजिश रची जा रही है जिसे अब किसान भली भांति जान चुके हैं,लेकिन किसान टूटने वाला नही है। उन्होंने कहा कि कभी किसानों को आंतकवादी कहा जाता है तो कभी भाजपा के नेता उन्हें किसान मानने को तैयार नहीं होते।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने कहा कि आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता किसानों के साथ खड़ा है। कलेर ने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार अपना रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार चाहे किसानों की एकता को तोडने के कितने भी जतन कर ले लेकिन वो अपने मंसूबों पर कभी कामयाब नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को समर्थन तब तक जारी रहेगा जबतक तीनों कृषि बिल केन्द्र सरकार वापस नहीं ले लेती। उन्होंने कहा कि केन्द्र किसानों के दमन पर उतर आई है लेकिन अब तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर हिमांशु पुंडीर, डाॅ अंसारी, अमित विश्नोई और हरेन्द्र त्यागी समेत अन्य दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।