नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं कालकाजी विधायक आतिशी ने दिल्ली की साफ-सफाई और नगर निगमों में चल रहे भ्रष्टाचार की समस्या के सामाधान के लिए दिल्ली की तरह ही एमसीडी में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनाना बेहद जरूरी बताया है। आगे कहा कि जिस तरह से आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद दिल्ली का विकास माॅडल न केवल देश में, बल्कि पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है, उसी तरह से एमसीडी में ‘आप’ की सरकार बनेगी, तो दिल्ली की साफ-साफई की चर्चा भी पूरी दुनिया में होगी। आतिशी ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने जो कहा- ‘वह किया और इसी का नतीजा रहा कि विधानसभा चुनाव-2020 में दिल्ली की जनता ने अपना यकीन बरकरार रखते हुए एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई’।
आम आदमी पार्टी द्वारा भाजपा शासित नगर निगम के भ्रष्टाचारों की पोल खोलने के लिए शुरू की गई मुहिम का आज छठां दिन था। आज पार्टी द्वारा दिल्ली की लगभग 55 विधानसभाओं में 205 मोहल्ला सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 21,000 लोग शामिल हुए। शामिल हुए लोगों में आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक, पार्टी के स्थानीय निगम पार्षद, पार्टी के संगठन पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनता शामिल है।
प्रतिदिन की तरह आज भी हुई सभी मोहल्ला सभाओं में जनता के साथ भाजपा शासित नगर निगम में चल रहे भ्रष्टाचारों पर चर्चा की गई, प्रश्न पूछे गए, उस पर जनता की प्रतिक्रिया ली गई और मोहल्ला सभा में आई जनता को भी अपने-अपने अनुभव सांझा करने का मौका दिया गया। जब आयोजकों ने जनता से पूछा कि क्या आप सब लोग इस बात को मानते हैं कि भाजपा शासित नगर निगम भ्रष्टाचार का एक अड्डा बन चुका है? क्या आप लोग इस बात को मानते हैं कि नगर निगम में बिना रिश्वत दिए कोई भी काम नहीं कराया जा सकता? क्या आप लोग इस बात को मानते हैं, कि अब नगर निगम से भाजपा की सत्ता को उखाड़ना और एक ईमानदार पार्टी को स्थापित करना बेहद जरूरी हो गया है? तो इन तमाम प्रश्नों के जवाब में मोहल्ला सभा में आई जनता ने एक सुर में हां कहा। मोहल्ला सभाओं में आ रही जनता का उत्साह दिन-ब-दिन इस बार के नगर निगम के चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत को सुनिश्चित कर रहा है।
मोहल्ला सभाओं की इसी श्रंखला में दिल्ली की कालकाजी विधानसभा में हुई एक मोहल्ला सभा में विधानसभा की स्थानीय विधायक एवं आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने जन संबोधन करते हुए कहा कि 2015 के विधानसभा चुनाव में हमने आप लोगों से यह कहकर वोट मांगा था कि यदि सत्ता में आम आदमी पार्टी की सरकार आती है, तो हम दिल्ली के स्कूलों की, अस्पतालों की व्यवस्था को ठीक करेंगे, बिजली पानी मुफ्त करेंगे, महिला सशक्तिकरण पर काम करेंगे। 5 साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी ने अपना किया हुआ हर वादा पूरा किया। आज दिल्ली में हर गरीब आदमी का बिजली का बिल जीरो आ रहा है, पानी बिल्कुल मुफ्त दिया जा रहा है, आज स्कूलों की व्यवस्था इतनी अच्छी हो गई है कि प्राइवेट स्कूलों के नतीजों से बेहतर दिल्ली सरकार के स्कूल के नतीजे आ रहे हैं, आज अस्पतालों में इतनी अच्छी व्यवस्था हो गई है कि सभी तरह के इलाज, सभी दवाइयां अस्पतालों में मुफ्त में दी जा रही है। अरविंद केजरीवाल जी ने जो कहा, वह किया और इसी बात का नतीजा रहा कि 2020 के विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने उसी यकीन को बरकरार रखते हुए, एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई।
उन्होंने कहा कि इतने सब विकास के काम करने के बावजूद भी एक छोटी सी कमी अभी बाकी है, वह है दिल्ली की साफ सफाई। सभी जानते हैं कि दिल्ली की साफ सफाई की जिम्मेदारी दिल्ली नगर निगम की है और पिछले 15 सालों से दिल्ली नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। 15 सालों में भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम को लूट-लूट कर इस कदर कंगाल कर दिया है कि आज पिछले कई महीनों से नगर निगम के अधीन आने वाले तमाम विभागों के कर्मचारियों का वेतन उनको नहीं मिल रहा है। भाजपा के भ्रष्टाचार के कारण निगम का कोई भी काम सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा है। आज दिल्ली में कहीं भी चले जाओ हर जगह, हर गली हर, मोहल्ले में कूड़े के ढेर पड़े हुए दिखाई देते हैं, नालियों में कीचड़ भरी हुई है, नालियों की सफाई नहीं हो रही है, कालोनियों की सड़कें टूटी पड़ी हैं, हर जगह बुरी हालत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली की साफ सफाई की समस्या का समाधान करना है, नगर निगम में चल रहे भ्रष्टाचारों का समाधान करना है, तो दिल्ली की सत्ता के साथ-साथ निगम निगम की सत्ता में भी आम आदमी पार्टी की सरकार का आना बेहद जरूरी है। उन्होंने जनता से कहा कि अगले साल होने वाले दिल्ली नगर निगम के चुनावों में आम आदमी पार्टी को वोट देकर भारी बहुमत के साथ नगर निगम में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएं, ताकि जिस प्रकार से दिल्ली सरकार में आम आदमी पार्टी के आने के बाद दिल्ली के विकास ने रफ्तार पकड़ी और आज दिल्ली का विकास मॉडल न केवल देश में, बल्कि पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है, उसी प्रकार से दिल्ली की साफ सफाई की चर्चा भी पूरी दुनिया में हो सके।