नई दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कॉमनवेल्थ गेम्स में बनाए जा रहे करीब 500 बेड के कोविड सेंटर का आज दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में अभी 480 बेड का कोविड सेंटर बनाया जा रहा है। इस सेंटर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अगल-अलग वार्ड की व्यवस्था हैं। डॉक्टर और नर्सों को रहने की व्यवस्था भी सेंटर में ही की गई है। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कोविड सेंटर की तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी।
हमें उम्मीद है कि अब इतने बेड की जरूरत नहीं पड़ेगी, और यदि जरूरत पड़ती है, तो हम तैयार हैं- अरविंद केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में यह 480 बेड का कोविड सेंटर बनाया जा रहा है और इसे एलएनजेपी अस्पताल के साथ जोड़ा जाएगा। दिल्ली में बहुत बड़े स्तर पर बेड को बढ़ाया जा रहा है। यहां पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अगल-अलग वार्ड हैं। उपर डॉक्टर और नर्स के लिए रहने की जगह भी है। पिछले महीने के मुकाबले इस समय दिल्ली में कोरोना के केस कम होते जा रहे हैं, अब थोड़ी स्थिरता नजर आ रही है, और स्थिति नियंत्रण में होती जा रही है। मैं उम्मीद करता हूँ कि इतने बेड जो बना रहे हैं, इनकी जरूरत ही न पड़े। लेकिन यदि जरूरत पड़ती है, तो हमारे प्रयास में किसी भी तरह की कमी नहीं रहेगी। हम आगे और भी तैयारी करते रहेंगे, ताकि केस बढ़ते हैं, तो किसी को बेड की दिक्कत न हो।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि यहां पर अभी करीब 500 बेड होंगे। डॉक्टर्स फॉर यू एनजीओ का इसमें सहयोग रहेगा। इस एनजीओ ने शहनाई बैंक्वेट हॉल में भी सहयोग दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पूरे दिल्ली के अंदर कई और बैंक्वेट हॉल लिए जा रहे हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में करीब 500 बेड बनाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि हमारी तैयारियां जारी रहेंगी। हालांकि अब केस आने कम हो गए हैं। मसलन, 23जून को करीब 4000 केस आए थे और कल-परसों में 2000 से 2100 केस आए हैं। अब केस लगभग आधे हो गए हैं।
जांच अधिक होना और केस का कम आना, दोनों ही अच्छे संकेत हैं- अरविंद केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हो सकता है कि बढ़ाए जा रहे बेड की जरूरत न पड़े और यदि जरूरत पड़ती है, तो हम इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यह वायरस ऐसा है कि इसके बारे में किसी को कुछ नहीं पता है। कब यह बढ़ जाएगा और कब घट जाएगा, यह किसी के लिए आंकलन करना बड़ा मुश्किल है। इसलिए हमें उसकी तैयारी करके चलनी है। जांच अधिक होने के बावजूद केस कम आने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह दोनों ही अच्छे संकेत हैं। अब मरीज काफी ठीक हो रहे हैं। आज की तारीख में 87000 केस में से करीब 58000 लोग ठीक हो चुके हैं। ज्यादातर लोग अपने घर पर इलाज कराते हुए ठीक हुए हैं। पिछले कुछ दिनों से मौतें कम हो गई हैं। पिछले महीने, एक दिन 125लोगों की मौत हो गई थी, लेकिन अब 60 से 65 लोगों की मौत हो रही है। इसे अब और कम करना है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह भी बताया कि दिल्ली के आईएलबीएस अस्पताल में प्लाज्मा बैंक का उद्घाटन कल होगा।